Chakrdharpur (Jharkhand) : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार की दोपहर एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना हुई। इस घटना ने यात्रियों व स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया। स्टेशन परिसर में करीब आधे घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। इसके बाद हाईटेंशन तार की चपेट में आकर एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जाती है।
मालगाड़ी के वैगन पर दिखा युवक, फिर शुरू हुआ ड्रामा
जानकारी के अनुसार, स्टेशन यार्ड की पांच नंबर लाइन पर खड़ी एक खाली मालगाड़ी के वैगन पर एक युवक चढ़ा हुआ देखा गया। युवक को देख वहां मौजूद लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। लोग युवक से नीचे उतरने की लगातार मिन्नत करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने के बजाय एक वैगन से दूसरे वैगन पर छलांग लगाता रहा और इधर-उधर भागने लगा। देखते ही देखते युवक मालगाड़ी के रेक बदलते हुए लाइन पार कर एक नंबर प्लेटफार्म तक पहुंच गया।
युवक को समझाते और पैसों का भी प्रलोभन देते रहे भीड़ लोग
इस दौरान वह टाटानगर एंड स्थित फुट ओवर ब्रिज पर भी चढ़ गया। मौके पर जुटी भीड़ उसे समझाने के साथ ही पैसों का भी प्रलोभन देती रही, ताकि वह सुरक्षित नीचे उतर जाए। बावजूद इसके युवक अत्यधिक डरा और सहमा हुआ नजर आ रहा था और नीचे उतरने को तैयार नहीं था।
इसी बीच युवक रेलवे के हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गया, जिससे ट्रेनों का विद्युत संचालन होता है। उसी दौरान वह अचानक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। जैसे ही उसने बिजली तार को छुआ, तेज चमक और जोरदार धमाके के साथ वह उछल कर मालगाड़ी के एक वैगन से टकराया और दो नंबर लाइन पर जा गिरा। घटना इतनी भयावह थी कि वहां मौजूद लोग सहम गए। लोगों ने पास जाकर देखा तो युवक का शरीर पूरी तरह झुलस चुका था और उसमें कोई हलचल नहीं थी। डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
घबराहट में उठाया खौफनाक कदम उठा
संभावना जताई जा रही है कि युवक किसी अन्य स्थान से मालगाड़ी के वैगन में चुपके से सवार होकर चक्रधरपुर पहुंचा होगा। यहां स्टेशन पर लोगों की भीड़ देख घबराहट में यह खौफनाक कदम उठा बैठा।
तीन दिन में शिनाख्त नहीं तो पुलिस करेगी अंतिम संस्कार
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। उसके बाद उसे शिनाख्त के लिए तीन दिन तक चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा जाएगा। यदि तय समय में शव की पहचान नहीं हो पाती है, तो पुलिस नियमानुसार अंतिम संस्कार करेगी।
Read Also: प्रकृति की गोद में पिकनिक के लिए तैयार पोड़ाहाट अनुमंडल प जाने कुछ खास पिकनिक स्पॉट

