Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में नगर परिषद चुनाव में मतदान संपन्न होने के बाद बुधवार को हत्या की बड़ी वारदात अंजाम दी गई है। चक्रधरपुर के गैंगखोली में एक युवक की भुजाली से गला काटकर हत्या कर दी गई है। इस घटना से चक्रधरपुर में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि राज तांती ने हत्यारोपी से कुछ पैसे उधार लिए थे। इसी उधार के पैसे की वसूली को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। घटना बुधवार रात साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक चक्रधरपुर शीतला मंदिर वार्ड संख्या 7 शीतला मंदिर क्षेत्र निवासी राज तांती नामक युवक चक्रधरपुर के गैंगखोली इलाके में कुछ युवकों के साथ मिलकर धंधा करता था। इसी दौरान एक युवक ने राज तांती को दिए अपने उधार के पैसे वापस मांगे। इसको लेकर राज तांती और युवक के बीच बहस और मारपीट शुरू हो गई।
घायल हालत में भाग कर अपने घर तक पहुंचा था राज
मामला इतना बढ़ गया कि हमलावर युवक ने भुजाली से राज तांती के गले और पेट पर जानलेवा हमला कर दिया। भुजाली के इस हमले में राज तांती का गला कट गया। वह अपनी जान बचाने के लिए कटे हुए गले को हाथ से दबाकर वहां से भाग निकला। इस दौरान उसके गले से खून बहता रहा। किसी तरह वह अपने निवास स्थल शीतला मंदिर पहुंचा। लेकिन इसके बाद वह बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घायल अवस्था में उसे उठाकर चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया है।
सन्नी प्रधान पर लगा है घटना को अंजाम देने का आरोप
इस घटना को लेकर राज तांती के पिता मारतुल तांती ने धर्मेन्द्र प्रधान के बेटे सन्नी प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि सन्नी ने ही राज तांती के साथ उधार के पैसे के लिए मारपीट की और उसका गला भुजाली से काट कर उसकी जान ले ली। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है और परिजनों से जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़ा हो सकता है मामला
इधर घटना के बाद पोड़ाहाट डीएसपी कुमार विनोद चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सहित पुलिस बल अनुमंडल अस्पताल का पूरा मामले की जांच पड़ताल किया। हालांकि सूत्रों के अनुसार पूरा मामला ब्राउन शुगर से जुड़ा हुआ है। इसी को लेकर चक्रधरपुर में पिछले कई दिनों से बवाल चल रहा है। बहरहाल, यह जांच विषय का विषय है।

