चतरा। चतरा जिले में एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए खुलेआम फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस घटना में ट्रक मालिक बासुदेव गंझू गंभीर रूप से घायल हो गए। पिपरवार थाना क्षेत्र की अशोका परियोजना स्थित कांटा घर के पास गुरुवार सुबह घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय दो बाइकों पर सवार 5 से 6 नकाबपोश अपराधी अचानक मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेंती तिलेटोंगरी निवासी बासुदेव गंझू को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ 4 से 5 राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
फायरिंग के बाद सभी अपराधी फरार
फायरिंग के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बासुदेव गंझू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया,जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली खोखे बरामद किए हैं। साथ ही इलाके में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश की जा रही है।
दो दिनों पूर्व हुई थी संदिग्ध पोस्टरबाजी की घटनाएं
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में इस क्षेत्र में संदिग्ध पोस्टरबाजी की घटनाएं भी सामने आई थीं, जिसके बाद किसी बड़ी वारदात की आशंका जताई जा रही थी। अब दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग को उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को लेवी वसूली या कोयला परिवहन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर देख रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

