चतरा : झारखंड के चतरा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए हैं। गिद्धौर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर स्थित इंदू फ्यूल पेट्रोल पंप को निशाना बनाते हुए 5 से 6 नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर पंपकर्मियों को बंधक बना लिया और करीब तीन लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
क्या है घटना
यह घटना रात करीब 12:40 बजे की है। उस समय पेट्रोल पंप पर सन्नाटा पसरा हुआ था। इसी दौरान दो सफेद अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार अपराधी पेट्रोल पंप पहुंचे। सभी बदमाश नकाब में थे और सीधे पंप के ऑफिस चेंबर में घुस गए। वहां मौजूद कर्मचारियों को रिवॉल्वर दिखाकर काबू में लिया गया।
पेट्रोल पंप कर्मियों को बनाया बंधक, की बेरहमी से पिटाई
ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों की पहचान लातेहार निवासी दयानंद सिंह और गिद्धौर निवासी सौरभ पांडे के रूप में हुई है। बदमाशों ने दोनों से कैश के बारे में पूछताछ शुरू की। जब कर्मचारियों ने विरोध किया या समय लेने की कोशिश की, तो अपराधियों ने उनके साथ लात-घूंसे से मारपीट की। हथियार के डर और मारपीट के कारण दोनों कर्मचारी बुरी तरह सहम गए और विरोध नहीं कर सके।
इसके बाद बदमाशों ने काउंटर में रखे करीब तीन लाख रुपये नकद लूट लिए। पूरी वारदात को अपराधियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया, जिससे साफ है कि उन्हें पंप की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी।
सबूत मिटाने की कोशिश
लूटपाट के बाद बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए सबूत मिटाने की भी कोशिश की। जाते समय वे ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर और वाई-फाई का पूरा सेटअप उखाड़कर अपने साथ ले गए। इसके अलावा दोनों कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए, जिन्हें कुछ दूरी पर फेंक दिया गया। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधी पहचान से बचने के लिए तकनीकी सबूत नष्ट करना चाहते थे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों में छानबीन तेज कर दी है। पेट्रोल पंप कर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस वारदात के बाद चतरा जिले में पेट्रोल पंप सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
Read Also- RANCHI NAGAR NIGAM: राजधानी में सजेगा नाइट मार्केट, रांची नगर निगम ने कर ली तैयारी

