चतरा : झारखंड से बिहार की ओर शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही थी। चतरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान इसे बरामद कर ली है। एक तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पकड़ा गया आरोपी का नाम सोनू कुमार यादव है,जो राजपुर थाना इलाके के हरहद गांव का रहने वाला है। सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा के रास्ते शराब की बड़ी खेप बिहार भेजने की तैयारी है।
इस सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने चतरा-गया मेन रोड पर स्थित संघरी घाटी के पास घेराबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।
कार की डिक्की से मिली शराब
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक हुंडई कार को रोका। जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसकी डिक्की के अंदर 17 पेटियां छिपाकर रखी हुई मिलीं। इन पेटियों को खोलने पर पुलिस ने कुल 408 बोतल अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने तुरंत शराब को कब्जे में ले लिया और मौके से ही गाड़ी चला रहे सोनू कुमार यादव को दबोच लिया।
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी इस शराब को बिहार ले जा रहा था, ताकि वहां इसे ऊंचे दामों पर बेचकर मोटी कमाई कर सके। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इस अवैध धंधे में सोनू के साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। शराब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए आगे की छानबीन की जा रही है।

