Home » Gorakhpur News: सीएम योगी बोले- विकास विरोधी थीं पिछली सरकारें, नव सृजन कर रही डबल इंजन सरकार

Gorakhpur News: सीएम योगी बोले- विकास विरोधी थीं पिछली सरकारें, नव सृजन कर रही डबल इंजन सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में रोड कनेक्टिविटी, किसान हित और खाद्य एवं दवा सुरक्षा से जुड़ी 1533 करोड़ रुपये की नौ विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

by Anurag Ranjan
सीएम योगी बोले- विकास विरोधी थीं पिछली सरकारें
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गोरखपुर : जनता इंटर कॉलेज चरगांवा में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों को विकास विरोधी बताया। उन्होंने इसके लिए ढाई दशक से बंद रहे गोरखपुर खाद कारखाने और पिपराइच की चीनी मिल का उदाहरण दिया। सीएम ने कहा कि पिछली सरकारें जहां विकास के आयामों, उद्योगों, कारखानों को बंद करने और उन्हें बेचने में लगी रहती थीं। वहीं, भाजपा की डबल इंजन सरकार नव सृजन और नया निर्माण कर रही है। भाजपा सरकार ने खाद कारखाने और चीनी मिल दोनों को फिर से चला कर दिखाया।

नौकरी और रोजगार के अवसर और तेजी से बढ़ेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए साल में उत्तर प्रदेश, नई गति से विकास पथ पर आगे बढ़ेगा। यहां नौकरी और रोजगार के अवसर और तेजी से बढ़ेंगे और यहां के युवाओं को कहीं बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने डबल इंजन सरकार में आए बदलाव की चर्चा करते हुए कहा कि एक समय समाजवादी पार्टी की सरकार में इंसेफ्लाइटिस से बड़े पैमाने पर बच्चों की मौतें होती थीं। ये बच्चे समाज और देश की अमानत थे लेकिन, जाति के नाम पर समाज को बांटने का पाप करने वालों ने इसके बारे में तनिक भी नहीं सोचा। इंसेफ्लाइटिस से मरने वाले 90 प्रतिशत बच्चे दलित और अल्पसंख्यक समाज के थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस बीमारी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।

प्रयागराज महाकुंभ के लिए भव्य व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार विकास और विरासत के संरक्षण से जुड़कर पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित करती है। यह सरकार विकास और विरासत के संरक्षण के प्रति संकल्पित है। उन्होंने कहा कि 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा से लेकर 26 फरवरी महाशिवरात्रि तक प्रयागराज में सदी का पहला महाकुंभ आयोजित होने जा रहा है। यह मुहूर्त 144 साल के बाद आया है। प्रयागराज महाकुंभ के लिए सरकार ने भव्य व्यवस्था की है। यहां देश और दुनिया के श्रद्धालु आकर उत्तर प्रदेश की आतिथ्य सेवा का नया अनुभव प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि गत वर्ष अयोध्या में 500 वर्षों के इंतजार के बाद भगवान रामलला विराजमान हुए थे। इस वर्ष महाकुंभ के आयोजन के साथ उत्तर प्रदेश विकास और विरासत से जुड़कर पूरी दुनिया को आकर्षित करेगा।

9 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में रोड कनेक्टिविटी, किसान हित और खाद्य एवं दवा सुरक्षा से जुड़ी 1533 करोड़ रुपये की नौ विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 1478 करोड़ 80 लाख 68 हजार रुपये के चार विकास कार्यों का शिलान्यास और 53 करोड़ 73 लाख 66 हजार रुपये के पांच विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास की ये परियोजनाएं आने वाले समय में नए गोरखपुर का दर्शन और भी सशक्त रूप में कराएंगी।

Read Also: Gorakhpur AIIMS: मार्च से शुरू होगी रेडियोथेरेपी की सुविधा, कैंसर मरीजों को मिलेगी राहत

Related Articles