Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम के पास ठगी की एक बड़ी घटना हुई है। यहां अपने घर से एटीएम से रुपए निकालने आए किशोर को ठग लिया गया है। किशोर का ₹4000 लेकर युवक फरार हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले की शिकायत गोलमुरी थाने से कर दी गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
युवक की जिद पर मान गया था किशोर
किशोर ने बताया कि जब वह एटीएम से पैसे निकालने पहुंचा तभी एक युवक वहां आया। उसने कहा कि उसे ₹4000 चाहिए। किशोर से युवक ने कहा कि वह उसे ₹4000 ऑनलाइन दे देगा, किशोर उसे एटीएम से कैश निकाल कर दे दे। किशोर ने मना किया लेकिन युवक जिद करने लगा।
जैसे ही पैसे एटीएम से निकले युवक छीन कर भाग खड़ा हुआ
इसके बाद किशोर मान गया। युवक ने किसी ऐप से ₹4000 ट्रांसफर करने का मैसेज दिखाया। इसके बाद किशोर ने एटीएम से पैसे निकाले। जैसे ही पैसे बाहर आए। युवक पैसे लेकर वहां से भागने लगा। इस पर किशोर माजरा समझ गया और उसने पीछा कर बाइक को रोकने की कोशिश की। लेकिन नाकाम रहा। युवक बाइक लेकर फरार हो गया। एटीएम के सामने स्थित दुकान से सीसीटीवी फुटेज निकाल लिया गया है। दुकानदारों का कहना है कि इसी तरह की घटना गुरुवार को भी किसी किशोर के साथ हुई थी।

