
Jamshedpur : कपाली के कामारगोड़ा निवासी करीब 53 वर्षीय बांका कर्मकार की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा रविवार रात डोबो क्षेत्र में हुआ। बांका कर्मकार डोबो स्थित सिंह ढाबा में काम करते थे। सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की देर रात बांका कर्मकार काम के लिए घर से निकले थे। रात करीब 9:30 बजे खाना खाने के बाद वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की जानकारी मिलते ही सिंह ढाबा के कर्मचारियों ने उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बांका कर्मकार को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस हादसे में शामिल कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

