
Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के भूतनाथ मंदिर से सोमवार को एक महिला श्रद्धालु रीना चौधरी की सोने चेन की छिनताई कर ली गई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। इस घटना से लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पहली बार बदमाशों ने मंदिर के अंदर घुसकर घटना को अंजाम देने की कोशिश की है। रीना चौधरी सरायकेला के आदित्यपुर की रहने वाली हैं। उनके पति का नाम शंभू कुमार चौधरी है। इस मामले में पुलिस ने सोनारी थाने में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला श्रद्धालु ने बताया कि वह अंतिम सोमवारी को भूतनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंची थी। वह सबसे पहले एक अन्य मंदिर गई। वहां पूजा अर्चना की। वहां से वह भूतनाथ मंदिर पहुंची। महिला ने बताया कि जब वह मंदिर के अंदर पहुंच कर पूजा अर्चना कर रही थी, तभी तीन महिलाओं के साथ तीन युवक वहां पहुंचे। इन लोगों ने उन्हें घेर लिया और एक महिला ने उनके गले से चेन छीन ली।
उन्हें गले से चेन छिन जाने का एहसास तब हुआ जब वह मंदिर से बाहर निकले और उनका हाथ गले पर पहुंचा। तब उन्हें लगा कि उनकी चेन छीन ली गई है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। महिला ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला उनके गले से चेन काटती हुई नजर आ रही है।
महिला का कहना है कि जमशेदपुर में कानून व्यवस्था की स्थिति काफी बेहतर हो चुकी है। चेन छिनताई की घटना के बाद महिला का रो-रो कर बुरा हाल है। महिला का आरोप है कि पुलिस सिर्फ हेलमेट चेकिंग में जुटी हुई है और अपराधी जनता को लूटने में व्यस्त हैं।

