
रांची : झारखंड में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पेंशन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को नकद सम्मान राशि देने की प्रक्रिया को लेकर खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय ने जिलों को निर्देश दिया है। निदेशक की ओर से जिलों को लिखे गये पत्र के आलोक में पात्र खिलाड़ियों से आवेदन लेने की कार्रवाई की जानी है। इसका उद्देश्य खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना और उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना है।
झारखंड खेल नीति-2022 के तहत संचालित खिलाड़ी पेंशन योजना में निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले खिलाड़ियों को लाभ देने का प्रावधान है। इसमें मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों के अलावा ओलंपिक एवं पैरालंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों तथा कॉमनवेल्थ, एशियन, सैफ और राष्ट्रीय खेलों में उपलब्धि हासिल करने वाले पात्र खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। ओलंपिक में शामिल खेल विधाओं में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके और वर्तमान में सक्रिय रूप से खेल में नहीं रहने वाले खिलाड़ियों को भी निर्धारित शर्तों के अनुसार पेंशन मिल सकती है।
पदक विजेताओं को नकद सम्मान राशि
खिलाड़ी सम्मान राशि योजना के तहत निर्धारित नियमों के अनुसार मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने वाले पात्र खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को नकद पुरस्कार दिया जाता है। जिन पात्र खिलाड़ियों को अब तक सम्मान राशि नहीं मिल सकी है, वे भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिला खेल कार्यालय में जमा करना होगा आवेदन
पात्र खिलाड़ियों को निर्धारित प्रपत्र में आवेदन भरकर संबंधित जिले के जिला खेल कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन के साथ खेल उपलब्धियों से संबंधित प्रमाणपत्र और आवश्यक दस्तावेज देने होंगे। आवेदन प्रपत्र और संबंधित विभागीय संकल्प के आधार पर पात्रता का निर्धारण किया जाएगा।
Read Also- Chaibasa Accident : टेबुल लाइन चौक के समीप बालू से भरा डंपर दुर्घटनाग्रस्त, बिजली पोल और नाली टूटी

