Dhanbad: धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र के डुमरा-हरिणा मार्ग पर अलंकार ज्वेलर्स में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अलंकार ज्वेलर्स डुमरा हॉस्पिटल के पास है। घटना की जानकारी दुकान मालिक को बुधवार की सुबह तब हुई जब उन्होंने अपनी दुकान खोली। दुकान खोलते ही उनके होश उड़ गए।
बताते हैं कि चोर 22 लाख रुपए कीमत के जेवरात और नकदी ले उड़े हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि चोरों ने दुकान की दीवार में 3 फीट गोलाई की सेंध की है।
गली की तरफ से लगाया गया सेंध
इसी सेंध से चोर अंदर पहुंचे। यह सेंध दुकान के बगल वाली गली की तरफ से लगाया गया था। शातिर चोरों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को ढक दिया था। इसके अलावा, अलमारी और काउंटर में रखे सारे जेवरात समेट लिए और फरार हो गए।
यह जेवरात हुए चोरी
बताया जा रहा है कि चोरों ने 75 ग्राम सोना, 6 किलो चांदी और ₹60 हजार रुपए नकद पार किए हैं। यह दुकान कतरास के रहने वाले शिवलाल स्वर्णकार की है। शिवलाल स्वर्णकार ने बताया कि चोरी गए माल की कुल कीमत 22 लाख रुपए के आसपास है। बाघमारा पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस घटना से व्यापारियों में दहशत है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

