Home » Dhanbad Ram Navami: धनबाद के बलियापुर में अखाड़ा कार्यक्रम के दौरान बवाल, पुलिस ने की लाठीचार्ज; धारा 144 लागू

Dhanbad Ram Navami: धनबाद के बलियापुर में अखाड़ा कार्यक्रम के दौरान बवाल, पुलिस ने की लाठीचार्ज; धारा 144 लागू

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बलियापुर (धनबाद)। रामनवमी के अवसर पर आयोजित अखाड़ा खेल कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार शाम बलियापुर में अचानक हालात बिगड़ गए। भीखराजपुर के पास बाइक जुलूस में शामिल अखाड़ा दल पर कथित रूप से पत्थरबाजी की गई, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और देखते ही देखते बवाल शुरू हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब छह बजे बलियापुर के अखाड़ा दल के सदस्य झंडा लगी बाइक के साथ रैली के रूप में हीरक चौक पहुंचे थे। वहां पहले से भी कई लोग मौजूद थे। इसके बाद सभी लोग नारेबाजी करते हुए बलियापुर बाजार चौक की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान भीखराजपुर के पास कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर टिप्पणी किए जाने से विवाद की शुरुआत हुई।

देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और बाइक जुलूस में शामिल लोगों पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान कुछ मोटरसाइकिलों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। घटना की खबर जैसे ही बाजार चौक स्थित कार्यक्रम स्थल तक पहुंची, वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया।

माइक से घटना की जानकारी दिए जाने के बाद सैकड़ों की संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल से निकलकर भीखराजपुर की ओर बढ़ने लगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने भीड़ को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होती चली गई।

हालात को संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। बलियापुर ब्लॉक चौक और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। जब भीड़ काबू में नहीं आई, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को तितर-बितर किया। इस दौरान कई लोगों को हल्की चोटें आईं।

घायल दो व्यक्तियों को बलियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया भर्ती

पत्थरबाजी में घायल दो व्यक्तियों को बलियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बलियापुर बाजार चौक से भीखराजपुर तक धारा 144 लागू कर दी है।

रात करीब साढ़े आठ बजे प्रशासन की ओर से माइक के जरिए इलाके में सख्ती बरतने की घोषणा की गई। पूरे क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी रामनवमी के दौरान इसी इलाके में इस तरह का विवाद हुआ था। एक बार फिर घटना दोहराए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। कुछ लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Read Also: Bokaro Ram Navami Aaccident: बोकारो में रामनवमी जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, हाई टेंशन से टकराया झंडा, सात झुलसे

Related Articles

Leave a Comment