Dhanbad : धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र की सिंघियाटांड़ बस्ती में सोमवार को तब तनाव फैल गया, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालने के लिए लाठीचार्ज किया। बताया जाता है कि सिंघियाटांड़ गांव में बछड़े का सिर और पैर मिलने की अफवाह फैली, जिसके बाद दो पक्ष के लोग आमने-सामने भिड़ गए। इसी बीच थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार दल-बल के साथ पहुंचे, तो उनके साथ भी भीड़ ने धक्का-मुक्की कर दी, जिसके बाद पुलिस ने लाठी भांजी।
घटना की सूचना पर एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी, जिससे इलाके में तनाव फैल गया था। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
दल-बल के साथ तैनात है पुलिस
इस मौके पर सिंदरी के एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम और बलियापुर के सीओ मुरारी नायक भी मौजूद रहे। इनके नेतृत्व में सिंदरी अनुमंडल के सभी थानों की पुलिस टीम दल-बल के साथ तैनात रही।
वहीं, किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल इलाके में लगातार तैनात है।
अब स्थिति नियंत्रण में है
सिंदरी के एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। थाना प्रभारी ने काफी सूझबूझ दिखाई गई, जिसके कारण कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। सीओ मुरारी नायक ने कहा कि असामाजिक तत्वों के द्वारा आपसी सौहार्द्र को बिगाड़ने की कोशिश की गई थी, जिसके कारण स्थिति बिगड़ने वाली थी, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की वजह से कोई बड़ी घटना नहीं घटी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

