Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले में कोयला तस्करों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ-झरिया मुख्य मार्ग स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम के पास स्पेशल ब्रांच के सब-इंस्पेक्टर अनुज कुमार और उनकी पत्नी काजल कुमारी के साथ मारपीट की घटना हुई, जिसमें दोनों घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर अनुज कुमार अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से झरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों से कोयला उतार रहे लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और कोयला तस्करों ने अनुज कुमार पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी को भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा और उनके साथ भी मारपीट की गई।
घटना के वक्त अनुज कुमार सिविल ड्रेस में थे। हमले में उन्हें पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी के पैर और शरीर पर भी चोट के निशान पाए गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह दोनों को हमलावरों से बचाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही स्पेशल ब्रांच के डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा, अनूप कुमार महतो समेत कई अधिकारी और केंदुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
पीड़िता काजल कुमारी ने बताया कि वे उसी इलाके में रहते हैं और लोगों द्वारा पहचाने जाते हैं। उन्होंने सिर्फ रास्ता देने को कहा था, इसी बात पर तस्कर भड़क गए और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो बनाने पर उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया गया। वहीं, केंदुआडीह थाना के एएसआई राजू मुंडा के अनुसार, अब तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। केवल इंज्यूरी रिपोर्ट थाना में जमा की गई है। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

