धनबाद: जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र में स्थित साधना अस्पताल से गुरुवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई। यहां एक गर्भवती महिला और उसके नवजात की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक महिला के परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

मामला लटानी बरवाटॉड निवासी साजिया खातून का है, जिसे बुधवार शाम डिलीवरी के लिए साधना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि बुधवार देर शाम महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद गुरुवार अहले सुबह महिला की भी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ कर दी।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने समय पर उचित इलाज नहीं किया, जिससे मां और बच्चे दोनों की जान चली गई। घटना के बाद अस्पताल ने तत्काल सरायढेला पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई है।
साधना अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना धनबाद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठाती है। फिलहाल, पुलिस मामले को शांत कराने की कोशिश कर रही है, जबकि परिजन इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
Read Also: Palamu ACB action: नेतरहाट आवासीय विद्यालय के अधिकारी रौशन बक्सी रिश्वत लेते गिरफ्तार

