- पूजा आयोजकों और अब्दुल मन्नान के समर्थकों में दो बार हुई भिड़ंत, वाहनों में तोड़फोड़, दर्जन भर लोग घायल, अब्दुल मन्नान गिरफ्तार
Dhanbad (Jharkhand) : झारखंड के धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के खड़काबाद काली मंदिर में सोमवार की रात काली पूजा और मेला के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूर्व जिला परिषद सदस्य अब्दुल मन्नान ने अपनी बंदूक से तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस घटना से पूजा और मेले का रंग फीका पड़ गया और इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप है कि इस दौरान सांप्रदायिक दंगा भड़काने की कोशिश की गई, हालाँकि अमन पसंद लोगों की सूझबूझ से मामला नियंत्रण में रहा।

पुलिस को सूचना मिलने के पूर्व ही अब्दुल मन्नान के समर्थकों और पूजा आयोजकों में दो बार भीषण भिड़ंत हो चुकी थी। इस झड़प में पूर्व जिप सदस्य अब्दुल मन्नान समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। आक्रोशित भीड़ ने अब्दुल मन्नान के समर्थकों को खदेड़कर उनके घर में घुसा दिया।
डीएसपी की मौजूदगी में हुई अब्दुल मन्नान की गिरफ्तारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत के बाद पुलिस उपाधीक्षक (DSP) शंकर कामती भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व जिप सदस्य अब्दुल मन्नान को गिरफ्तार कर लिया और उनकी बंदूक भी जब्त कर ली गई। अब्दुल मन्नान को मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
खड़काबाद निवासी रीना शर्मा (पति रमेंद्रनाथ शर्मा) के आवेदन पर गोविंदपुर पुलिस ने सांप्रदायिक दंगा भड़काने की कोशिश सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। रीना शर्मा ने आरोप लगाया है कि शाम 7:30 बजे अब्दुल मन्नान, उनका बेटा अब्दुल नुमान, दो बॉडीगार्ड (साजिद और अमन) और साला मुशर्रफ हरवे हथियार से लैस होकर मंदिर पहुँचे। जब ग्रामीणों ने बंदूक लेकर भीड़भाड़ वाले इलाके में आने का विरोध किया, तो अब्दुल मन्नान उग्र हो गए और जान मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे। इसके बाद 50-60 समर्थकों ने लाठी, डंडा और पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसमें उनके पुत्र सत्य शर्मा समेत कई लोग जख्मी हुए।
बंदूक लाइसेंसी है या नहीं, जांच कर रही पुलिस
डीएसपी शंकर कामती ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है कि अब्दुल मन्नान की बंदूक लाइसेंसी है या नहीं। लाइसेंसी होने पर भी बेवजह पूजा स्थल पर जाकर फायरिंग क्यों की गई। सूत्रों के अनुसार, यदि बंदूक लाइसेंसी पाई गई तो लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। घटना के बाद खड़काबाद में तनाव को देखते हुए पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है।
सांसद ढुलू महतो ने एसएसपी से की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद ढुलू महतो मंगलवार को घटनास्थल खड़काबाद काली मंदिर पहुँचे। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और घटना की जानकारी ली। उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से बात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सांसद ने चिंता जताते हुए कहा कि गोविंदपुर थाना क्षेत्र में बार-बार इस तरह की घटना प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। इस दौरान भाजपा नेता बलदेव महतो, बलराम साव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
Read Also: RANCHI SPORTS NEWS: SAAF की जर्सी लॉन्च, चैंपियनशिप के लिए रांची पहुंची भारत समेत कई देशों की टीम

