Dhanbad : बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) प्रशासन ने होली पर्व को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय ने सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों से अपील की है कि होली का उत्सव हर्षोल्लास के साथ लेकिन मर्यादित और अनुशासित तरीके से मनाएं। इस संबंध में एक आदेश भी जारी किया गया है। इस आदेश के अनुसार परिसर में रंग, गुलाल, पानी के गुब्बारे, वाटर पिस्टल आदि के उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, परिसर में डीजे या लाउडस्पीकर के माध्यम से तेज आवाज में संगीत बजाने की भी अनुमति नहीं होगी।
बैनर पोस्टर लगाने पर भी पाबंदी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी राजनीतिक या छात्र संगठन के बैनर, पोस्टर या प्रचार सामग्री परिसर में नहीं लगाई जाएगी। होली के नाम पर किसी भी प्रकार का हुड़दंग, अव्यवस्थित व्यवहार या शरारत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ईव-टीजिंग, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।
अनधिकृत प्रवेश पर होगी कड़ी कार्रवाई
अनधिकृत प्रवेश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही, पुलिस प्रशासन से परिसर के आसपास गश्त बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। विश्वविद्यालय ने सभी विभागाध्यक्षों और संकायाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने विभागों में सतर्कता बनाए रखें और छात्रों को अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित करें। प्रशासन ने कहा है कि सभी छात्र, शिक्षक और कर्मचारी जिम्मेदार व्यवहार करते हुए विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखें, ताकि परिसर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। यह आदेश कुलपति प्रोफेसर डा रामकुमार सिंह के निर्देश पर रजिस्ट्रार कार्यालय ने जारी किया है।

