दुमका : झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेवाडीह गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के आंगन में पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच आक्रोश का माहौल है।
हत्या का जताया जा रहा शक
मृतक की पहचान मौलाना सोलेमान के छोटे बेटे राजा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार घटना सोमवार रात की है। परिवार का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने युवक की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
गमछे से बंधे से दोनों हाथ
परिवार के सदस्यों ने बताया कि युवक के दोनों हाथ पीछे की ओर गमछे से बंधे हुए थे। इसके अलावा शव का आधे से अधिक हिस्सा जमीन को छू रहा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजन इसे सामान्य आत्महत्या नहीं मान रहे हैं और हत्या की आशंका जता रहे हैं।
कई विंदुओं पर पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच जारी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद ढेवाडीह गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Read ALso- Garhwa mock drill : होली और रामनवमी सुरक्षा तैयारी, गढ़वा के परेड ग्राउंड में मॉक ड्रिल

