Home » Dumka suicide : दुमका में मां ने दो साल की बेटी के साथ ट्रेन से कटकर दी जान

Dumka suicide : दुमका में मां ने दो साल की बेटी के साथ ट्रेन से कटकर दी जान

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dumka : झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा दुमका रेलखंड पर स्थित ओड़तरा गांव के पास एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 25 वर्षीय विवाहिता ने अपनी दो वर्ष की दुधमुंही बच्ची के साथ चलती ट्रेन के सामने आकर अपनी जान दे दी। मृतकों की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के ओड़तारा गांव निवासी विक्की मंडल की पत्नी आरती देवी और उनकी दो वर्षीय पुत्री ब्यूटी कुमारी के रूप में हुई है।

पारिवारिक कलह बनी जानलेवा

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह आरती कुमारी अपनी छोटी बच्ची को लेकर घर के पीछे स्थित रेलवे ट्रैक पर पहुंच गईं। कुछ देर इंतजार करने के बाद, जैसे ही भागलपुर-दुमका पैसेंजर ट्रेन वहां से गुजरी, महिला ने अपनी मासूम बच्ची के साथ ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। इस भयानक घटना में मां और बेटी दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतका की सास, पूनम देवी ने बताया कि गुरुवार सुबह उनका बेटा विक्की मंडल हंसडीहा में अपनी कबाड़ी की दुकान पर मजदूरी करने गया था, और वह स्वयं हंसडीहा बाजार में चापानल का सामान खरीदने गई थीं। इस दौरान उनकी बहू और पोती घर पर अकेली थीं, जिसका फायदा उठाकर वे घर से निकल गईं और ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी।

मायके जाने की जिद और विवाद

सूत्रों के अनुसार, आरती देवी कुछ दिनों से अपने मायके जाने की जिद कर रही थीं, लेकिन उनके पति विक्की मंडल उन्हें जाने से मना कर रहे थे। इसी बात को लेकर बुधवार शाम को दोनों पति-पत्नी के बीच तीखी बहस भी हुई थी। माना जा रहा है कि इसी विवाद के चलते आरती देवी ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस ने शुरू की जांच

ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना प्रभारी प्रकाश सिंह, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक विनोद सिंह, संतोष कुमार सांडिल और पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस दुखद घटना का असली कारण क्या थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Related Articles