Dumka : फेयर प्राइस शाप डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सह दुमका जिला अध्यक्ष ओंकारनाथ झा का मंगलवार को रांची स्थित संफोर्ड अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। निधन की खबर सुनते ही झारखंड सहित पूरे देश के जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं में शोक की लहर दौड़ गई। स्व.ओंकारनाथ झा वर्तमान में आल इंडिया फेयर प्राइस शाप डीलर्स फेडरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष भी थे।
करीब 20 दिन पूर्व रांची में एक निजी कार्यक्रम के दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा था। पहले पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में स्थिति गंभीर होने पर संफोर्ड अस्पताल में शिफ्ट किया गया जहां आज उनका निधन हो गया। उनके निधन पर देशभर के पीडीएस विक्रेताओं एवं संगठन से जुड़े लोगों में गहरा शोक व्याप्त किया है।
स्व.झा डीलरों की समस्याओं को पदाधिकारियों के समक्ष बेबाक और निर्भीक तरीके से रखने के लिए जाने जाते थे तथा उन्होंने अपना जीवन डीलरों के हितों की रक्षा में समर्पित कर दिया।
जिला महासचिव सुनील कुमार झा ने बताया कि उनके प्रयासों से झारखंड सरकार द्वारा पीडीएस विक्रेताओं को अनुकंपा, कमीशन वृद्धि एवं बकाया भुगतान जैसे कई महत्वपूर्ण लाभ दिलाए गए।
उनके पुत्र राहुल झा के अनुसार, अंतिम संस्कार बुधवार को दिन के 12 बजे दुमका स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा।
Read Also: Dumka Crime News : दुमका के ढेवाडीह गांव में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

