Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम कलेक्ट्रेट सभागार में डीसी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क हादसों की रोकथाम, यातायात नियमों के कड़ाई से पालन, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान सहित कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बीते एक महीने में हुई सड़क हादसों में 17 लोगों की मौत सिर्फ इसलिए हुई, क्योंकि वे बिना हेलमेट लगाए बाइक चला रहे थे।
डीसी ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि अधिकांश हादसे चालकों की लापरवाही का नतीजा हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और ड्रिंक एंड ड्राइव भी हादसे के प्रमुख कारण रहे हैं। इस पर डीसी ने लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों पर कड़ा जुर्माना लगाने और गंभीर मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस रद करने का निर्देश दिया।
वाहनों के फिटनेस पर भी रखें ध्यान
यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग और सड़क पर मनमाने ढंग से सवारी उतारने-चढ़ाने के मामलों पर बस ओनर की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई के आदेश दिए गए। वहीं बिना फिटनेस और पुरानी गाड़ियों के सड़क पर चलने पर भी सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
डीसी ने पहले से चिह्नित ब्लैक स्पॉट के अलावा अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर भी सुधारात्मक उपाय अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों में यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान तेज करने और शहरी व ग्रामीण थाना क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाने पर जोर दिया।
अवैध शराब बिक्री पर रोक के निर्देश
इसके साथ ही उत्पाद विभाग को शराब दुकानों के आसपास अवैध शराब बिक्री और सेवन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। हिट एंड रन मामलों में लंबित मुआवजा प्रकरणों के शीघ्र निपटारे और पीड़ित परिवारों को त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया।
गुड सेमेरिटन योजना के तहत सम्मानित होंगे हादसों में मदद करने वाले लोग
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वालों को गुड सेमेरिटन योजना के तहत सम्मानित कर प्रोत्साहित करने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, ग्रामीण एसपी, रेल एसपी, एसडीएम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एडीसी, डीटीओ, डीएसपी ट्रैफिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

