रांची : झारखंड में इन दिनों प्रवर्तन निदेशालय (ED) सक्रिय हो रहा है। जल जीवन मिशन योजना के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं को लेकर मनी लॉंड्रिंग के एक मामले में ईडी ने रांची में कई जगहों पर कार्रवाई की है। इसी मामले की जांच के दौरान ईडी ने झारखंड की राजधानी में करीबन 20 जगहों पर छापेमारी की।

ईडी ने आईएएस अधिकारी मनीष रंजन, पेयजल एव स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर और उनके निजी कर्मचारी सहित कुछ सरकारी अधिकारी, ठेकेदार और व्यापारियों के परिसर में भी छापेमारी की गई है। खबरों के अनुसार, मिथिलेश ठाकुर के भाई और पीएस के ठिकानों की भी तलाशी ली गई।
यह राजनीतिक छापेमारी है, न कि ईडी की छापेमारी
इस पूरी घटना पर मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि अब हमें इस तरह की कार्रवाई की आदत हो गई है। आगे उन्होंने कहा कि आप जानते हैं, इनका टारगेट क्या है। यह ईडी की छापेमारी नहीं है, बल्कि राजनीतिक छापेमारी है। यदि ईडी पूर्ण पारदर्शिता से काम करेगी, तो हम उनका पूरा सहयोग करेंगे। ईडी को कठपुतली की तरह काम नहीं करना चाहिए।
फांसी पर लटक जाऊंगा, लेकिन बीजेपी में….
आगे ठाकुर ने कहा कि उन पर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का लंबे समय से दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन मैं फांसी पर चढ़ जाऊंगा, बीजेपी में शामिल नहीं होऊंगा। चाहे मेरा पूरा खानदान जेल में सड़ जाए, लेकिन दबाव की राजनीति नहीं करेंगे। ठाकुर ने कहा कि झारखंड की जनता के साथ धोखा और छल नहीं होने देंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सीएम ने झारखंड के अंतिम पंक्ति के लोगों तक हक और उनका अधिकार पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। जब बिना किसी अपराध के राज्य के सीएम को 5 महीने जेल में रख सकते हैं, तो कुछ साल हम भी जेल में रह लेंगे।
ईडी का इस्तेमाल कठपुतली के रूप में
मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि यदि ईडी पूरी पारदर्शिता से काम करे, तो हम हर तरह से उनका सहयोग करने को तैयार है। ईडी को कठपुतली नहीं बनना चाहिए। बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में बीजेपी हार मान चुकी है, इसलिए अब ये लोग ईडी का इस्तेमाल कर रहे हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी अब केवल केंद्र सरकार के इशारों पर काम कर रही है। बता दें कि ईडी ने रांची में 20 से भी अधिक अधिकारियों के आवास पर छापेमारी की है।
हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर लगया आरोप
इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का कहना है कि यह सब बीजेपी की सोची समझी साजिश है। यह सब आने वाले चुनाव के तहत की जा रही है। सोरने ने कहा कि यह सब बीजेपी की सोची समझी रणनीति है।
Read Also: Hemant Soren: हर परिवार को देंगे एक लाख, फार्मूला तैयार : हेमंत सोरेन

