RANCHI: नई दिल्ली में राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने चुनावी सुधारों को भारतीय लोकतंत्र को सशक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। राज्यसभा में चुनाव प्रक्रिया में सुधारों पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए सुधार लोकतंत्र को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और सर्वसमावेशी बना रहे हैं।
विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को उन्होंने पूरी तरह निराधार और राजनीतिक हताशा से प्रेरित करार दिया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा और जीवंत लोकतंत्र है, लेकिन समय के साथ सुधार आवश्यक हैं। इसी सोच के तहत केंद्र सरकार और भारत निर्वाचन आयोग ने इवीएम-वीवीपैट प्रणाली, डिजिटल इपीआईसी, विशेष गहन पुनरीक्षण और मतदाता-केंद्रित सुधार लागू किए हैं। जिससे चुनाव प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक पारदर्शी हुई है। इसके बावजूद वोट चोरी और धांधली जैसे आरोप लगाकर विपक्ष जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है।
सभी दलों से समर्थन की अपील
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता स्वयं इन आरोपों से दूरी बना चुके हैं। जिससे साफ होता है कि यह नैरेटिव हार स्वीकार न कर पाने की मानसिकता से उपजा है। सुप्रीम कोर्ट भी कई बार चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता की पुष्टि कर चुका है। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और कमजोर वर्गों के लिए डाक मतपत्र, घर से मतदान, सक्षम ऐप और ब्रेल लिपि जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि ये पहल मोदी सरकार की संवेदनशील और जन-केंद्रित सोच को दर्शाती हैं। उन्होंने राजनीति के अपराधीकरण पर रोक लगाने के लिए किए गए संवैधानिक प्रावधानों को भी लोकतंत्र की शुचिता के लिए अहम बताया। उन्होंने सभी दलों से राष्ट्रहित में चुनावी सुधारों का समर्थन करने की अपील की।
READ ALSO: RANCHI CRIME NEWS: ब्राउन शुगर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार अरेस्ट

