Hazaribagh: हजारीबाग में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लोगों को ठगने और ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस वेबसाइट और मोबाइल नंबरों के जरिए ऑनलाइन विज्ञापन जारी करते थे। इसके बाद लोग लोग उनके झांसे में आ जाते थे। संपर्क करने पर आरोपियों द्वारा पहले वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की जाती थी और बाद में आपत्तिजनक सामग्री का इस्तेमाल कर पीड़ितों को डराया-धमकाया जाता था। इसके बाद यूपीआई और अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों से मोटी रकम वसूली जाती थी।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिलने के बाद हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 12 डेबिट कार्ड और 5 पैन कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन सभी उपकरणों का इस्तेमाल साइबर ठगी और सेक्सटॉर्शन की वारदातों में किया जा रहा था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

