सेंट्रल डेस्क : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार तड़के कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बक्सर मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दिल्ली से प्रयागराज महाकुंभ जा रही मिनी बस (ट्रैवलर) एक डंपर से टकरा गई। इस हादसे में ट्रैवलर के ड्राइवर सहित चार लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली के मोहन गार्डन उत्तम नगर से एक परिवार के करीब 20 लोग ट्रैवलर से महाकुंभ के लिए जा रहे थे। बक्सर मोड़ के पास ओवरटेक करते समय ट्रैवलर डंपर में पीछे से घुस गई, जिससे डंपर बक्सर घाट की ओर मुड़ गया और ट्रैवलर करीब डेढ़ किलोमीटर तक डंपर से घसीटती रही। हादसे में ट्रैवलर ड्राइवर विवेक (26), दिगंबर झा (70), प्रेमकुमार झा (55) की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल विमल चंद्र (50) ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। 13 घायलों में से 9 की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

