पटना। बिहार में पटना जिले के फतुहा इलाके में दो समूहों के बीच झड़प में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजीव मिश्रा ने बताया कि घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे सुरगा गांव में हुई। उन्होंने कहा कि विवाद मामूली सी बात पर शुरू हुआ लेकिन बाद में हिंसक हो गया। दोनों तरफ से गोलियां चलीं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई।
बिहार में दो बड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत
एक व्यक्ति घायल हो गया और उसका इलाज पटना के एक अस्पताल में हो रहा है। उन्होंने सार्वजनिक रूप से मृतकों की पहचान करने से इनकार करते हुए कहा कि शवों का पोस्टमार्टम किया जा चुका है। मिश्रा ने कहा कि मामले में 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि आशंका है कि झड़प का कारण निजी विवाद हो सकता है। जांच जारी है।
दो लोगों के शव बरामद, नौ लापता लोगों तलाश जारी :
वहीं बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बागमती नदी में नाव पलटने से लापता हुए लोगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे खोज अभियान में शुक्रवार सुबह दो लोगों के शव बरामद किए गए। जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने बताया कि नदी से एक 40 वर्षीय व्यक्ति और चार साल के एक बच्चे का शव निकाला गया है।
उन्होंने कहा कि बाकी बचे लापता लोगों का पता लगाने के लिए खोज अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह बागमती नदी के मधुर पट्टी घाट के समीप करीब 30 लोगों से भरी एक नाव पलट जाने से 11 लोग लापता हो गये थे, जिनमें से ज्यादातर स्कूली छात्र और महिलाएं थीं। उन्होंने बताया कि नाव भट्टगामा घाट की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद 20 बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया था।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मी एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) के साथ मिलकर बाकी बचे नौ लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। कुमार ने बताया कि जिले के अधिकारी घाट के आस-पास लोगों के घरों में जाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं कोई बच्चा लापता तो नहीं है। उन्होंने कहा कि घाट के समीप चिकित्सकों का एक दल भी तैनात है और वहां पोस्ट-मार्टम जांच की सुविधा भी तैयार की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
READ ALSO : Patna Crime: रंजिश में बंदूकों से चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, तीन की मौके पर ही हो गई मौत

