गढ़वा : गढ़वा जिले के बंडा पहाड़ के जंगल में आग लग गई है। इस घटना में कई बेशकीमती पौधे और पेड़ जलकर राख हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर वन विभाग की टीम आग को बुझाने में जुटी है। रात के अंधेरे में पहाड़ों पर लगी आग दूर से साफ दिख रही है।
ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिए जी तोड़ कोशिश कर रहे हैं। लेकिन अभी सफलता नहीं मिल सकी है। आग बुझने के बजाए और बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार शाम से ही पहाड़ पर आग लगी हुई है। ग्रामीणों को डर है कि कहीं आग पहाड़ के नीचे मंदिर तक न पहुंच जाए।
इस संबंध में डीएफओ अंशुमान ने कहा कि इन दिनों गर्मी पड़ रही है। गढ़वा झारखंड में सबसे कम बारिश वाला जिला भी माना जाता है। झारखंड के आग प्रभावित जिलों में गढ़वा भी आता है। इस मौसम में अक्सर महुआ चुनने के दौरान भी जंगल में लोग आग लगा देते हैं। उनकी इस हरकत से बेशकीमती पौधे जलकर नष्ट हो जाते हैं और जंगली जानवरों को भी नुकसान पहुंचता है।

