गढ़वा : गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना अंतर्गत नगर पंचायत क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर ने अपने ही पड़ोस की 8 वर्षीया मासूम बालिका को अपनी हवस का शिकार बनाया। शुक्रवार शाम करीब 6:00 बजे घर के बाहर खेल रही बालिका को किशोर ने बहलाकर घिनौनी हरकत की। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शनिवार को पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल में कराया गया।
प्राथमिकी के अनुसार, मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच पड़ोस का रहने वाला 15 वर्षीय किशोर वहां पहुंचा और उसने बच्ची को यह कहकर बरगलाया कि उसकी बहन उसे बुला रही है। मासूम उसकी बातों में आकर उसके घर चली गई। आरोपी उसे सीधे घर की छत पर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान जब बच्ची दर्द से कराहने और चिल्लाने लगी, तो उसकी आवाज सुनकर उसका भाई दौड़ता हुआ आरोपी के घर की छत पर पहुंचा। वहां का दृश्य देख उसके होश उड़ गए। भाई ने तुरंत अपनी बहन को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और उसे घर लेकर आया। पीड़िता की मां जब इस घृणित कार्य की शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची, तो वहां न्याय मिलने के बजाय उन्हें डराया-धमकाया गया।
आरोपी के माता-पिता ने पीड़िता की मां को उलाहना देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। उन्होंने मामला दबाने का दबाव बनाते हुए कहा कि यदि किसी को कुछ बताया तो जान से मार देंगे।

