Home » Garhwa News : गढ़वा में एसडीएम ने छापेमारी कर जब्त किए एलपीजी के 70 सिलेंडर

Garhwa News : गढ़वा में एसडीएम ने छापेमारी कर जब्त किए एलपीजी के 70 सिलेंडर

स्थानीय लोगों ने अनुमंडल अधिकारी से की थी कालाबाजारी की शिकायत

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Garhwa : सदर एसडीएम संजय कुमार ने रविवार को छापेमारी कर एलपीजी के 70 सिलेंडर जब्त किए। सभी सिलेंडर गढ़वा प्रखंड के हूर गांव में एक पिकअप वैन पर थे। इनमें से 17 सिलेंडर भरे हुए और 53 सिलेंडर खाली थे। बड़ी संख्या में खाली सिलेंडर मिलने से ग्रामीणों के उस आरोप की पुष्टि हुई कि गांव में इस व्यक्ति द्वारा सिलेंडर बेचा जा रहा था।
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि उन्हें वाट्सएप सहित सोशल मीडिया माध्यमों से जानकारी मिली कि हूर गांव में एक व्यक्ति ऊंचे दाम पर गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री कर रहा है।

घर में रखे गए थे अवैध गैस सिलेंडर

सूचना की पुष्टि होने के बाद उन्होंने हूर गांव स्थित सचिन चौबे नामक व्यक्ति के घर पर छापेमारी की, तो घर के बाहर ही चारदीवारी के अंदर सिलेंडर से लदा वैन खड़ा था।
सबसे बड़ी बात कि घर पर मौजूद सचिन चौबे इन भरे और खाली सिलेंडरों के स्रोत और वितरण के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सका। मामला संदिग्ध पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया।

एसडीएम ने अंचल अधिकारी सफी आलम और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल मिंज के साथ ग्राम हूर स्थित सचिन चौबे के पास से मिले इन सिलेंडरों की गिनती कराई।
अधिकारियों ने जब्त किए गए इस स्टॉक को जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से कल्याणपुर स्थित भारद्वाज गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया।

एसडीएम ने एफआईआर दर्ज करने के दिए आदेश

एसडीएम ने अंचलाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दोषी व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया।
एसडीएम ने बताया कि उन्होंने इस घटनाक्रम की जानकारी भारत गैस के स्थानीय सेल्स ऑफिसर अनिर्बन गांगुली को भी दी है। इसके साथ ही उनसे कहा गया गया है कि वे गढ़वा में भारत गैस द्वारा आपूर्ति की जाने वाली एलपीजी गैस की सप्लाईचेन पर स्वयं निगरानी रखें, ताकि आम जनता को असुविधा न हो।

कालाबाजारी की सूचना तत्काल दे जनता : एसडीएम

अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास हो रही किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना अविलंब अंचलाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी या एसडीएम को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपायुक्त दिनेश यादव के निर्देशानुसार जिले में कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कालाबाजारी पर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Comment