Ghatshila (Jharkhand) : घाटशिला विधानसभा के उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को झामुमो की स्टार प्रचारक व गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने जनसभा की। दोपहर लगभग 3 बजे दामपाड़ा क्षेत्र के गंधानिया हाट मैदान में कहा कि इस क्षेत्र से आपका बेटा, आपका भाई, झामुमो और महागठबंधन के प्रत्याशी सोमेश सोरेन को अपना आशीर्वाद देकर विधानसभा पहुंचाएं।
कल्पना ने सोमेश के लिए जनता से मांगा आशीर्वाद
पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन उनके अधूरे कार्य को पूरा कर सकें, इसके लिए उन्हें अपना आशीर्वाद देकर स्व. रामदास सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें। उन्होंने कहा कि आपका बेटा हेमंत सोरेन सर्वजन पेंशन योजना से लोगों के आंसू पोंछने का काम किया है। झारखंड सरकार द्वारा 18 से 49 वर्ष तक की बहन-बेटियों को मंईयां सम्मान योजना से जोड़कर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है।
स्व. रामदास सोरेन के अधूरे कार्यों को पूरा करना है
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पीएम आवास योजना की राशि बंद कर दिए जाने के कारण हेमंत सरकार ने अबुआ आवास योजना शुरू की। इसके तहत सैकड़ों परिवारों को आवास दिया जा रहा है। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में स्व. रामदास सोरेन ने जितने भी जनहित के कार्य पूरे किए हैं, उसके अलावा उनके अधूरे कार्यों को भी पूरा करना है। इसमें पं. रघुनाथ मुर्मू संथाली विश्वविद्यालय, मुसाबनी में इंजीनियरिंग कॉलेज समेत अन्य कई काम चुनाव के बाद शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि संथाली विश्वविद्यालय भारत का दूसरा जनजातीय विश्वविद्यालय बनेगा। उन्होंने कहा कि 11 तारीख को पहले मतदान, फिर दाका-जोम (जलपान) करें। जनसभा में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, राज्य के मंत्री दीपक बिरुवा, विधायक सविता महतो, सांसद जोबा मांझी सहित काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

