गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह में नगर निगम चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। करीब सात साल बाद हो रहे इस चुनाव में शहर की सरकार चुनने के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लग गईं।

‘पहले मतदान फिर जलपान’ का नारा चरितार्थ होता नजर आया। मतदाता अपने दैनिक कार्यों को छोड़कर पहले वोट देने के लिए बूथों पर पहुंचे। विशेष रूप से महिला मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। कई महिलाएं सुबह-सुबह मतदान कर घर के अन्य काम निपटाने की योजना के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचीं।
वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 4 पर तनाव
गिरिडीह नगर निकाय चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 4 पर अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। यहां मारपीट और पथराव की घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।
आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा मतदाताओं को मतदान करने से रोका जा रहा था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और स्थिति बिगड़ गई। हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से हालात को नियंत्रित कर लिया गया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस बल तैनात
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशासन के अनुसार, अधिकांश क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्वक जारी है और किसी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं है। वार्ड 18 की घटना के बाद अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
उपायुक्त ने किया निरीक्षण, कंट्रोल रूम से निगरानी
गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला नियंत्रण कक्ष से भी मतदान प्रक्रिया की पल-पल की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
बूथों के बाहर समर्थकों की भीड़
कई मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थक और मतदाता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बूथों के आसपास भीड़ देखी गई, हालांकि सुरक्षा बलों की निगरानी में मतदान प्रक्रिया जारी रही।
प्रशासन ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।
Read Also- Ranchi Nagar Nikay Chunav 2026 LIVE : 1 बजे तक रांची में 24.90% मतदान

