Giridih: गिरिडीह में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त छापेमारी में नक्सलियों द्वारा छुपा कर रखे गए हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। इस मौके पर बड़े पैमाने पर विस्फोटक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। माना जा रहा है कि गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ को नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ यह बड़ी कामयाबी मिली है। यह जानकारी शनिवार की शाम गिरिडीह के एसपी डॉक्टर विमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
एसपी को मिली थी गुप्त सूचना
बताया जा रहा है कि एसपी डॉक्टर विमल कुमार और सीआरपीएफ की 154 बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि पारसनाथ के तराई इलाके में नक्सलियों ने हथियारों का जखीरा छिपा कर रखा है। इस पर पुलिस और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम बनाई गई। इस टीम ने पारसनाथ के तराई इलाके में छापामारी की। इस छापामारी में नक्सलियों द्वारा गड्ढे में छिपा कर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, गोला, बारूद और अन्य विस्फोटक सामग्रियां बरामद की गई हैं। एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बरामद सामान में 303 बोल्ट एक्शन सिंगल शॉट राइफलें 13 अदद, पॉइंट 22 की 9 राइफलें, छह ग्रेनेड, एक एसएलआर, ग्रैंड प्रोजेक्टर, एक एएमएन बॉक्स, 30 चार्ज क्लिप और दो बंडल इलेक्ट्रिक कॉपर वायर बरामद किया गया है।
कानेडीह गांव के पास गड्ढे में मिले हथियार
बताया जा रहा है कि अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सुरजीत कुमार, सीआरपीएफ 154 बटालियन के सेकंड कमान अधिकारी कुमार ओमप्रकाश सिंह व सहायक कमांडेंट ताम्बो सिंह के नेतृत्व में यह संयुक्त छापेमारी की गई थी। छापेमारी खोखरा थाना क्षेत्र के पारसनाथ पहाड़ी के आसपास सर्च अभियान चलाया गया। सर्च अभियान के दौरान भालकी पहाड़ी के कानेडीह गांव के पास एक गड्ढे में हथियारों का यह जखीरा बरामद किया गया है।

