गोड्डा । जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान नीरज कुमार के रूप में हुई है, जो इंद्रदेव यादव के पुत्र थे।
जानकारी के अनुसार, नीरज कुमार हाल ही में ग्वालियर से बीएड की परीक्षा देकर अपने घर लौटे थे। बुधवार रात कुछ हमलावर उनके घर में घुस आए। उन्होंने नीरज के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और फिर हथौड़ी से बुरी तरह पीट दिया।
गंभीर हालत में नीरज को तुरंत पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह ने बताया कि मरने से पहले नीरज ने बयान में बताया था कि उसे रस्सी से बांधकर हथौड़ी से पीटा गया। पुलिस को घटनास्थल से रस्सी भी मिली है।
प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी दुश्मनी का परिणाम
प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी दुश्मनी से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, कुछ लोग इसे अन्य कारणों से भी जोड़ रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की असली वजह साफ हो पाएगी।
मृतक के बड़े भाई रंजीत यादव ने बताया कि परिवार और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इस मामले में पहले भी थाने में शिकायत की गई थी। नीरज अपने परिवार में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

