
धनबाद : आसनसोल-धनबाद रेल रूट पर बुधवार की रात एक मालगाड़ी का इंजन अचानक बीच रास्ते में फेल हो गया। इस तकनीकी खराबी की वजह से अप लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। वीआईपी और सुपरफास्ट ट्रेनों के पहिए भी जहां-तहां थम गए। यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मालगाड़ी के इंजन फेल होने के कारण दिल्ली जाने वाली देश की सबसे प्रीमियम ट्रेनें भी लेट हो गईं। हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को 1 घंटे 11 मिनट, सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को 57 मिनट और सियालदह-बीकानेर दुरंतो एक्सप्रेस को 56 मिनट तक रास्ते में इंतजार करना पड़ा। ये सभी ट्रेनें देरी से धनबाद स्टेशन पहुंचीं। इसके अलावा, लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी इसका बुरा असर पड़ा।
कोलफील्ड एक्सप्रेस कुमारधुबी के पास करीब पौन घंटे खड़ी रही। हावड़ा-ग्वालियर चंबल एक्सप्रेस को आसनसोल स्टेशन पर आधे घंटे से ज्यादा समय तक रोके रखा गया। इस अचानक आई रुकावट से ट्रेनों में सफर कर रहे और स्टेशनों पर इंतजार कर रहे यात्री बेहाल हो गए। ट्रेनें जहां तहां खड़ी रहने के कारण यात्रियों को कोफी परेशानी झेलनी पड़ी।
कुछ यात्रियों की धनबाद या आगे के स्टेशनों से कनेक्टिंग ट्रेनें थीं, जो इस देरी की वजह से मिस हो गईं। बाद में रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए दूसरा इंजन भेजा और ट्रैक खाली कराया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद इस रूट पर रेल सेवा दोबारा बहाल हो सकी, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

