गोरखपुर : पूर्वांचल का प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका रामगढ़ताल अब और भी आकर्षक होने जा रहा है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) यहां एक और बोट जेटी (New Jetty In Ramgarhtal) का निर्माण कराने जा रहा है, जिस पर लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना का टेंडर पूरा हो चुका है और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
मोहद्दीपुर-देवरिया बाईपास के पास बनेगी नई जेटी
नई जेटी का निर्माण मोहद्दीपुर से देवरिया बाईपास तक प्रस्तावित फोरलेन रिंग रोड के किनारे, सहारा एस्टेट के पास किया जाएगा। यह जेटी 1558 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनेगी और इसकी कुल लागत 6.95 करोड़ रुपये तय की गई है। जीडीए ने निर्माण कार्य का जिम्मा अरुणिमा कंस्ट्रक्शन फर्म को सौंपा है और वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है। लक्ष्य है कि यह परियोजना जुलाई 2026 तक पूरी कर ली जाए।
तीन प्लेटफॉर्म, कनोपी और आरसीसी पुल से सुसज्जित होगी जेटी
जीडीए के सहायक अभियंता राजबहादुर सिंह के अनुसार, जेटी में तीन अलग-अलग प्लेटफॉर्म, पर्यटकों के लिए कनोपी, मजबूत स्टील रेलिंग और मुख्य सड़क से जेटी तक पहुंच के लिए आरसीसी पुल बनाया जाएगा। यह जेटी न केवल रामगढ़ताल की सुंदरता में इज़ाफा करेगी, बल्कि जीडीए की आय में भी बढ़ोतरी करेगी।
New Jetty In Ramgarhtal : पर्यटन के साथ मिलेगा स्थानीय लोगों को रोजगार
प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि यह परियोजना सिर्फ बोटिंग को बढ़ावा देने के लिए नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार देने का भी एक बड़ा माध्यम बनेगी। रामगढ़ताल की शामें अब और भी रोमांचक होंगी और गोरखपुर का पर्यटन मानचित्र और समृद्ध होगा।
वर्तमान में रामगढ़ताल में केवल एक ही जेटी है, जहां से ‘लेक क्वीन क्रूज’ संचालित होता है। नई जेटी से बोटिंग गतिविधियां बढ़ेंगी और अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा।
Read Also: UP News : क्रिकेटर यश दयाल पहुंचे हाईकोर्ट की शरण में, एफआईआर रद्द करने की लगाई गुहार

