साहिबगंज : झारखंड में साहिबगंज-भागलपुर रेल लाइन पर महादेवगंज पुल के पास रेल पटरी से रविवार की सुबह एफबीआई गोदाम के ठेकेदार सह मैनेजर हजारीबाग निवासी मनोज कुमार (56) का शव बरामद किया गया। रेल पटरी पर शव देख क्षेत्र में खलबली मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी जिरवाबाड़ी थाने की पुलिस व आरपीएफ को दी। सूचना के आलोक में आरपीएफ की टीम एवं जिरवाबाड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मनोज कुमार लंबे समय से महादेवगंज स्थित गोदाम में मैनेजर के रूप में कार्यरत थे। यह गोदाम निजी है जिसे एफबीआई (फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया) ने भाड़े पर ले रखा है। गोदाम में उनके करीब 22 ट्रक भी चलते हैं। मनोज के सहयोगियों ने बताया कि वह शनिवार को महादेवगंज पेट्रोल पंप के पास सभी ट्रकों में डीजल भरवा कर साइड में लगवाए थे। इसके बाद वह कहीं चले गए। रविवार को सुबह में क्षेत्र में शव होने की सूचना मिली तो स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान कर उनके सहयोगियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस पहुंची। इधर, पुलिस ने मनोज के परिजनों को भी सूचना दे दी है।

