
Jamshedpur : भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 2010 बैच के अधिकारी सुशील प्रसाद और मो. शाहिद आलम बुधवार को मिड कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमसीपी-2) के तहत झारखंड भ्रमण के दौरान जमशेदपुर पहुंचे। जमशेदपुर परिसदन में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने दोनों अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
इस दौरान अधिकारियों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई। उपायुक्त राजीव रंजन ने आईएफएस अधिकारियों को पूर्वी सिंहभूम जिले की भौगोलिक एवं प्रशासनिक संरचना, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विशेषताओं के साथ-साथ जमशेदपुर की देश की प्रमुख औद्योगिक नगरी के रूप में स्थापित पहचान से अवगत कराया।
उन्होंने जिले में संचालित विकास योजनाओं, औद्योगिक प्रगति, सुशासन की दिशा में किए जा रहे नवाचारों तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली की भी विस्तार से जानकारी दी। आईएफएस अधिकारियों ने जिले की विकास यात्रा, प्रशासनिक पहल और उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे अपने लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी अनुभव बताया। गौरतलब है कि इन अधिकारियों को झारखंड के दौरे पर लाया गया है। इन्हें यहां इसलिए भेजा गया है ताकि यह प्रदेश के बारे में अच्छी तरह जान सकें। बताया जा रहा है कि इन अधिकारियों को देश के सभी राज्यों में भेजा जाएगा। इसके पहले भी ट्रेनिंग के दौरान आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को झारखंड भेजा जाता रहा है। यह अधिकारी जमशेदपुर में टाटा स्टील, टाटा मोटर्स के अलावा, दलमा आदि इलाके का भ्रमण करेंगे।
Read Also: Jamshedpur news : एक पेड़ माँ के नाम’ पौधरोपण अभियान के साथ वन महोत्सव 2026 का हुआ समापन

