
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोदरा चौक पर पारिवारिक रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक दर्दनाक वारदात प्रकाश में आई है। यहाँ एक बड़े भाई ने मामूली बात पर उपजे गुस्से में अपने ही सगे छोटे भाई की जान ले ली। आरोपी ने लोहे की रॉड से एक के बाद एक हमला कर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया है।
घटना का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोदरा चौक के पास किसी विषय को लेकर दोनों भाइयों के बीच तीखी बहस और विवाद छिड़ गया। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से से आगबबूला हुए बड़े भाई 51 वर्ष अनिल कालुंडिया पिता स्वर्गीय मथुरा कालुंडिया सिन्नी थाना मंझारी जिला पश्चिमी सिंहभूम निवासी हैं। दोनों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि पास में रखी लोहे की रॉड उठाकर अपने छोटे भाई राकेश कालुंडिया के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने के कारण राकेश की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।
दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कालुंडिया को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। हालांकि इस खौफनाक हत्या के पीछे की असली वजह का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो सका है, और पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

