
Seraikela : चांडिल में आभूषण कारोबारी उमंग चौधरी के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र से करीब 24 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में चांडिल निवासी राहुल कुमार महतो (27) और त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार (57) शामिल हैं। त्रिवेणी पर लूटे गए आभूषण खरीदने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 9 और 10 अक्टूबर की मध्यरात्रि अपराधियों ने चांडिल बस स्टैंड के पास स्थित उमंग चौधरी के घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था। इसके बाद सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
कूरियर कर्मचारी पर रेकी करने का आरोप
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार, राहुल कुमार महतो एक कूरियर कंपनी में घर-घर जाकर सामान पहुंचाता था। आरोप है कि इसी दौरान उसने उमंग चौधरी के घर की पहचान की और डकैती की योजना में शामिल अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी।
पुलिस का कहना है कि वर्ष 2022-23 में जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में बंद रहने के दौरान राहुल की मुलाकात कथित तौर पर मोहिउद्दीन अंसारी और सुबराती अंसारी से हुई थी। पुलिस इस मामले में सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायालय में होना है।
24 लाख के आभूषण और अन्य सामान जब्त
पुलिस ने त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार की निशानदेही पर धनबाद के बरोरा थाना क्षेत्र से लूटे गए आभूषण बरामद किए। इनमें 5.142 किलोग्राम गला हुआ चांदी, 80 ग्राम गला हुआ सोना, ब्रिटिशकालीन चांदी के 32 सिक्के, चांदी के दो स्वास्तिक और ब्रेसलेट से निकाले गए 11 छोटे हीरे जैसे पत्थर शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है।
पांच अन्य संदिग्ध पहले ही जेल में
पुलिस के अनुसार, इस डकैती कांड से जुड़े पांच अन्य संदिग्धों को हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस डकैती में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और लूटे गए बाकी सामान का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

