
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में ज़मीन घोटालों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ED का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। ताजा कार्रवाई में ईडी ने कांके जमीन घोटाले के मुख्य आरोपी कमलेश कुमार सिंह को बड़ा झटका दिया है। जांच एजेंसी ने कमलेश की कुल 66 एकड़ जमीन को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। इस अटैच की गई जमीन की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 85 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
सरकारी अफसरों से मिलकर रचा खेल
ईडी की जांच में यह बात सामने आई है कि कमलेश कुमार सिंह ने कांके और नगड़ी इलाकों में जमीनों का एक बड़ा खेल रचा था। उसने सरकारी अफसरों और कर्मचारियों के साथ मिलकर जमीनों के असली रिकॉर्ड्स में हेराफेरी की।
सरकारी गैर-मजरूआ, आदिवासियों की और भुइंहरी प्रकृति की जमीनों के फर्जी कागजात तैयार किए गए। इन विवादित जमीनों को सामान्य जमीन श्रेणी का दिखाकर लोगों को बेचा गया और उन पर कब्जा किया गया।
जांच में पता चला है कि इस 66 एकड़ जमीन के एक बड़े हिस्से को कमलेश पहले ही बेच चुका था, जबकि बाकी बची जमीन का ट्रांसफर होना अभी बाकी था।
घर से मिले थे 1 करोड़ नकद और कारतूस
आपको बता दें कि ED ने कमलेश कुमार सिंह को 26 जुलाई 2024 को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान जब उसके ठिकानों पर छापेमारी हुई थी, तब जांच अधिकारी भी हैरान रह गए थे। कमलेश के घर से ₹1 करोड़ से ज्यादा कैश और 100 कारतूस बरामद हुए थे।
इस पूरे मामले में ED पहले ही कमलेश और उसके साथियों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। जांच एजेंसी को इस घोटाले में कई बड़े सरकारी अधिकारियों के शामिल होने का शक है, जिसकी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। फिलहाल मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।
Read Also: Palamu Violence : चियांकी हिंसा मामले में 25 नामजद समेत 100 अज्ञात पर प्राथमिकी, पथराव में तीन पुलिसकर्मी हुए थे घायल

