
रांची : बोकारो में एक्सपायरी बीयर बेचे जाने के मामले में सरकार ने सख्त कदम उठाया है। उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के कड़े आदेश के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में झारखंड राज्य बेवरेजेज कारपोरेशन लिमिटेड JSBCL के बोकारो डिपो मैनेजर अरविंद कुमार और वहां के क्लर्क को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
छापेमारी में सामने आया था मामला
दरअसल, यह पूरा मामला बोकारो जिले के चास प्रखंड का है। यहां कुर्रा थाना क्षेत्र में स्थित एक सरकारी शराब दुकान पर बीती 29 जून को छापेमारी की गई थी। इस कार्रवाई के दौरान दुकान से 556 ऐसी बीयर की बोतलें/कैन बरामद हुए, जो पहले ही खराब हो चुके थे। जांच में सामने आया कि ये सभी बीयर फरवरी 2026 में ही एक्सपायर हो चुकी थीं, लेकिन इसके बावजूद इन्हें दुकान में रखकर ग्राहकों को बेचने की तैयारी थी।
मंत्री के अल्टीमेटम के बाद एक्शन
इस गंभीर लापरवाही की खबर मिलते ही उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने तुरंत एक्शन लिया। मंत्री ने जेएसबीसीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह को साफ निर्देश दिए कि तीन दिनों के भीतर पूरे मामले की बारीकी से जांच कराई जाए और जो भी दोषी हो, उसे बख्शा न जाए।
मंत्री के आदेश पर विभाग के अधिकारियों की एक विशेष टीम ने मौके पर जाकर पड़ताल की। जांच में शिकायत बिल्कुल सच पाई गई कि डिपो से लेकर दुकान तक इस खेल में लापरवाही हुई है।
सहायक उत्पाद आयुक्त व अन्य अधिकारियों को नोटिस
इस मामले में सिर्फ डिपो मैनेजर ही नहीं, बल्कि कई और अधिकारी भी नप गए हैं। जेएसबीसीएल के एमडी ने बोकारो के सहायक आयुक्त उत्पाद संजय कुमार मेहता, उत्पाद विभाग के दारोगा अमित कुमार गुप्ता और संबंधित शराब दुकान के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करने की सिफारिश की है। विभाग ने साफ कर दिया है कि जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Read Also: Ranchi Land Scam: कांके भूमि घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, आरोपी कमलेश की 66 एकड़ भूमि अटैच

