
RANCHI (JHARKHAND): रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बोलेरो पिकअप चोरी का पुलिस ने महज चार घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने वाहन चोरी के आरोपी संदीप खलखो को गिरफ्तार कर लिया है, जो पहले उसी पिकअप का चालक रह चुका है। वाहन को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। यह घटना पक्का कुआं के रहने वाले वाहन मालिक हरिशंकर सिंह के साथ घटी। उन्होंने रात में अपनी बोलेरो पिकअप चोरी होने की सूचना चुटिया थाना में दी। मामले की जांच शुरू करते हुए पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें पता चला कि चोर वाहन को लेकर पिस्का स्टेशन की ओर भागा है।
चुटिया थाना प्रभारी के निर्देश पर दारोगा ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को चिह्नित किया। कुछ ही घंटों में पिस्का स्टेशन के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वाहन का डीजल खत्म होने के कारण चोर गाड़ी को लेकर भाग नहीं सका।
पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि वह पहले हरिशंकर सिंह की गाड़ी चलाता था और उस दौरान उसने एक चाभी अपने पास रख ली थी। उसी चाभी की मदद से उसने गाड़ी चोरी की और बेचने की नीयत से भाग रहा था। लेकिन डीजल खत्म हो जाने के कारण वह कामयाब नहीं हो सका। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
READ ALSO: Ranchi road accident : रांची में तेज रफ्तार बाइक पाइप से टकराई, दो की मौत, एक रिम्स रेफर

