Home » Latehar News: डेढ़टंगवा घाटी में कंटेनर ने बाइक को टक्कर मारने के बाद ऑटो को रौंदा, सात की मौत, पहुंचे सांसद बैद्यनाथ राम

Latehar News: डेढ़टंगवा घाटी में कंटेनर ने बाइक को टक्कर मारने के बाद ऑटो को रौंदा, सात की मौत, पहुंचे सांसद बैद्यनाथ राम

सांसद ने घटनास्थल पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों से हादसे की जानकारी ली तथा बचाव कार्य में जुटे लोगों से आवश्यक सहयोग के संबंध में भी जानकारी ली।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Latehar: लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित डेढ़टंगवा घाटी में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर एक ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया।

गौरतलब है कि सासंग गांव निवासी एक ही परिवार के चार लोग बाइक से लोहरदगा जा रहे थे। इसी दौरान कंटेनर की जोरदार टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। बाइक पर सवार अफसरी देवी टक्कर के दौरान उछलकर दूर जा गिरीं, जिससे उनकी जान बच गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।

बाइक को टक्कर मारने के बाद कंटेनर आगे बढ़ते हुए ऑटो से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कंटेनर के नीचे दब गया। ऑटो चालक रकीब खान, निवासी लोहरदगा, समेत चार लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन मृतकों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, ग्रामीण और बचाव दल मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से कंटेनर हटाकर ऑटो में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। एक-एक शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दुर्घटना के बाद लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे की खबर सासंग गांव पहुंचते ही मातम पसर गया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।

डेढ़टंगवा घाटी में हुई इस दुर्घटना ने एक साथ कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। घटनास्थल पर देर तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा।

अपनों को तलाशते स्वजनों के बीच पहुंचे सांसद बैद्यनाथ राम

Latehar : डेढ़टंगवा घाटी में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त वाहन, बिखरा मलबा और अपनों की तलाश में भटकते परिजनों का दर्दनाक दृश्य नजर आया। घटना की सूचना मिलते ही राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

सांसद ने घटनास्थल पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों से हादसे की जानकारी ली तथा बचाव कार्य में जुटे लोगों से आवश्यक सहयोग के संबंध में भी जानकारी ली। क्षतिग्रस्त ऑटो को हटाने और उसमें फंसे शवों को निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी।

घटनास्थल का जायजा लेने के बाद सांसद बैद्यनाथ राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा पहुंचे। उन्होंने हादसे से प्रभावित लोगों और मौजूद ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। अस्पताल में पीड़ित परिवारों के स्वजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

इस दौरान परिजनों की आंखों से आंसू छलकते रहे। अपनों को खोने का गम और हादसे की भयावहता से पूरा माहौल गमगीन था। सांसद ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक हादसा है। इस कठिन समय में प्रशासन और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।

Read also – Jamshedpur News: साकची में झंडा चौक पर मंगलाहाट दुकानदार संघ ने मनाया स्वतंत्रता दिवस, साकची थाना प्रभारी ने किया झंडोत्तोलन

Related Articles