
Jamshedpur : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जमशेदपुर प्रेस क्लब परिसर एल-2/6 में शनिवार को गरिमापूर्ण माहौल में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। क्लब के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने राष्ट्रध्वज फहराया। इस दौरान क्लब के सदस्य मौजूद रहे और राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
पत्रकारों के कल्याण और सुविधाओं को लेकर होगी और पहल
इस अवसर पर अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने सभी पत्रकारों एवं क्लब सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लंबे प्रयास के बाद जमशेदपुर प्रेस क्लब को टाटा स्टील में पंजीकृत क्वार्टर का आवंटन हुआ है। अमानत रोड स्थित क्वार्टर नंबर एल-2/6 का आवंटन क्लब के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि क्लब के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास और एकजुटता का परिणाम है। पत्रकारों और क्लब सदस्यों के हितों एवं सुरक्षा के लिए क्लब हरसंभव प्रयास करेगा। आने वाले समय में पत्रकारों के कल्याण और सुविधाओं को लेकर कई और पहल की जाएंगी।
सदस्यों के लिए शुरू हुई मेडिकल सुविधा
क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव ने पत्रकारों एवं सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश के लिए गौरव और संकल्प का दिन है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त से जमशेदपुर प्रेस क्लब के सभी सदस्यों के लिए मेडिकल सुविधा शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए क्लब बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। मेडिकल सुविधा की शुरुआत सदस्यों के हित में महत्वपूर्ण कदम है।
लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प
समारोह के दौरान सदस्यों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सभी ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
इस मौके पर क्लब के उपाध्यक्ष सुमित झा, सह सचिव अमित तिवारी, पूर्व अध्यक्ष बी. श्रीनिवास, पूर्व महासचिव गुलाब सिंह, श्याम झा, कौशल सिंह, कुलविंदर सिंह, रघुवंशमणि सिंह, अरविंद श्रीवास्तव, रवि झा, जितेंद्र कुमार, निखिल सिन्हा, रमन झा, निलय सेनगुप्ता, डॉ. प्रमोद, मिथिलेश चौबे, चंद्रशेखर, अरविंद सिंह, धनंजय, आकाश, अविनाश शर्मा, सानू सरकार, अभिषेक सिन्हा, अंकित, नितीश, नागेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

