
Jamshedpur : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड बाराद्वारी फुलबस्ती में गुरुवार देर रात गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो युवकों ने मो. राजा को निशाना बनाकर चार से पांच राउंड फायरिंग की। इस दौरान दो गोलियां राजा की बांह में लगीं। घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना रात करीब 11:15 बजे की है। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में चीख-पुकार मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं।
शाम को देवनगर आश्रम के पास हुआ था विवाद
घायल मो. राजा ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच बाराद्वारी देवनगर आश्रम के पास उसका साकची जामा मस्जिद के पीछे रहने वाले इस्मायलु और काशीडीह निवासी कोदू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई और राजा के साथ मारपीट की गई। राजा के मुताबिक, उसने किसी तरह अपने दोस्तों को फोन कर घटना की जानकारी दी और मौके से निकलकर अपने घर पहुंचा।
घर के बाहर फोन पर बात करते समय चली गोली
राजा ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11:15 बजे वह अपने घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान सफेद स्कूटी पर इस्मायलु और कोदू वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। चार से पांच राउंड गोली चलाने के बाद दो गोलियां राजा की बांह में लगीं। गोली लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से एमजीएम अस्पताल मोड़ की तरफ फरार हो गए।
मानगो और आजादनगर में पुलिस की छापेमारी
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया। पुलिस ने काशीडीह के अलावा मानगो और आजादनगर थाना क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना में नामजद मुख्य आरोपी इस्मायलु के खिलाफ पहले से रंगदारी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
फूलबस्ती के लोगों में नाराजगी
गोलीबारी की घटना के बाद फूलबस्ती के लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और इलाके में गश्ती बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने की जरूरत है।सीतारामडेरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

