
Jamshedpur : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में 5 और 6 नवंबर 2026 को दो दिवसीय जमशेदपुर हैकथॉन 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस तकनीकी आयोजन में देशभर से छात्र और युवा इनोवेटर्स शामिल होकर आधुनिक तकनीक पर आधारित अपने आइडिया, मॉडल और कोडिंग स्किल्स का प्रदर्शन करेंगे।
हैकथॉन का उद्देश्य छात्रों में तकनीकी सोच, नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देना है। आयोजन के लिए कुल 1.30 लाख रुपये का प्राइज पूल रखा गया है। बेहतर और व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार के साथ मेंटरशिप का अवसर भी मिलेगा।
48 घंटे के इस तकनीकी मुकाबले में प्रतिभागियों को उद्योग और समाज से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के समाधान विकसित करने होंगे। चयनित नवाचारों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा।
सात तकनीकी थीम पर होगा मुकाबला
जमशेदपुर हैकथॉन 2026 में प्रतिभागी मुख्य रूप से सात आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों पर काम करेंगे। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन, इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी, ग्रीन एनर्जी एवं सस्टेनेबिलिटी और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग शामिल हैं।
विशेषज्ञ देंगे तकनीकी मार्गदर्शन
एनआईटी जमशेदपुर के अनुसार, यह आयोजन सिर्फ कोडिंग प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगा। उद्योग जगत के विशेषज्ञ और मेंटर्स भी इसमें हिस्सा लेंगे। वे प्रतिभागियों के मॉडल और प्रोटोटाइप का मूल्यांकन करने के साथ उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन देंगे।
इससे छात्रों को अपने शुरुआती विचारों को व्यावहारिक उत्पाद, स्टार्टअप या पेटेंट योग्य तकनीक के रूप में विकसित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें उद्योग विशेषज्ञों के साथ नेटवर्किंग का भी मौका मिलेगा।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
हैकथॉन में हिस्सा लेने के इच्छुक छात्र और तकनीकी टीमें आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करा सकती हैं।
आयोजन स्थल: एनआईटी जमशेदपुर परिसर
तारीख: 5 और 6 नवंबर 2026
प्राइज पूल: 1.30 लाख रुपये
रजिस्ट्रेशन लिंक: [https://ciicnitjsr.org](https://ciicnitjsr.org)

