
Jamshedpur : शहर में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों को सक्रिय करने के उद्देश्य से टाटा स्टील यूआईएसएल की ओर से पहली बार ‘स्वच्छ गेटेड सोसाइटी चैंपियनशिप-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित यह पहल करीब तीन से चार महीने तक चलेगी। इसके पहले चरण में शहर की 60 से अधिक गेटेड सोसाइटियां प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी और अभियान करीब 12,900 घरों तक पहुंचेगा।
प्रतियोगिता के दौरान सहभागी सोसाइटियों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सोसाइटियों का मूल्यांकन 1,000 अंकों के निर्धारित मानकों पर किया जाएगा। इसमें स्रोत पर कचरा पृथक्करण और जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन को सर्वाधिक 350 अंक दिए गए हैं। कॉमन एरिया की स्वच्छता तथा जल एवं ऊर्जा दक्षता के लिए 100-100 अंक निर्धारित हैं।
इसके अलावा होम कम्पोस्टिंग, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, जीरो वेस्ट आयोजन, नागरिक सहभागिता, डेंगू जागरूकता एवं स्रोत नियंत्रण, पौधरोपण और सामुदायिक सौंदर्यीकरण को भी मूल्यांकन में शामिल किया गया है।
टाटा स्टील यूआईएसएल के अनुसार, चैंपियनशिप का उद्देश्य नागरिकों को महज स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अपने परिसर में सकारात्मक बदलाव लाने वाला सक्रिय भागीदार बनाना है। घरों में कचरा पृथक्करण से लेकर सामुदायिक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण तक, इस पहल के माध्यम से जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
यह पहल टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी अतुल कुमार भटनागर के स्वच्छ, सतत और नागरिक-केंद्रित शहर के विजन से प्रेरित है। कंपनी ने सभी सहभागी सोसाइटियों और नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि सामूहिक प्रयासों से जमशेदपुर को स्वच्छ, सुंदर और सतत शहर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

