
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत बोड़ाम थाना क्षेत्र के भादूडीह में वन विभाग के चेकनाका के पास टाटा-पटमदा मुख्य सड़क के किनारे स्थित जनरल स्टोर में शनिवार देर रात चोरों ने एस्बेस्टस की छत काटकर करीब 1.20 लाख रुपये का सामान और नकद चोरी कर ली। चोरी गई रकम करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान संचालक महानंद महतो के दुकान पहुंचने पर हुई।
महानंद महतो शनिवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो एस्बेस्टस की छत कटी मिली और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर नकदी समेत करीब 1.20 लाख रुपये के सामान की चोरी का पता चला। उन्होंने तत्काल बोड़ाम पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक साल के भीतर इसी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही चोरी से दुकानदारों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि घटनास्थल डिमना लेक से करीब दो किलोमीटर दूर और व्यस्त टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
गौरतलब है कि 3 अगस्त को भी बोड़ाम बाजार की एक आभूषण दुकान और बारियादा की मोबाइल दुकान की एस्बेस्टस छत काटकर लाखों रुपये की चोरी हुई थी। इन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने, पूर्व की चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।
Read also – Jamshedpur Theft : परसुडीह के गदरा में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े चोर

