Home » Jamshedpur News : ‘एक शाम गांधी के नाम’ में गूंजा सत्य, अहिंसा और सद्भाव का संदेश

Jamshedpur News : ‘एक शाम गांधी के नाम’ में गूंजा सत्य, अहिंसा और सद्भाव का संदेश

कार्यक्रम में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और सर्वधर्म समभाव के संदेश को किया गया याद

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर सर्वोदय समिति, जमशेदपुर के तत्वावधान में टेल्को रीक्रिएशन क्लब के सभागार में ‘एक शाम गांधी के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, शांति, सद्भावना, भाईचारा और सर्वधर्म समभाव के विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टाटा मोटर्स के महाप्रबंधक जीवराज सिंह संधू ने कहा कि महात्मा गांधी अमर हैं और उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जीवनभर दूसरों के दर्द को अपना दर्द समझते रहे। समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा और उसे उसके अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकता थी।

मुख्य वक्ता टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महासचिव आरके सिंह ने कहा कि शांति, सद्भावना, प्रेम और भाईचारा ही महात्मा गांधी का संदेश है। इन मूल्यों को अपने जीवन में उतारना ही गांधीजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
रजत सिंह और टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद भी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समाजसेवी महेंद्र मिश्रा ने कहा कि पूरा विश्व महात्मा गांधी के विचारों को सम्मान दे रहा है और उन्हें आत्मसात करने का प्रयास कर रहा है, जबकि देश में गांधीजी के विचारों को भूलने की प्रवृत्ति चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि गांधी के विचारों को कमजोर करने के प्रयासों के बजाय उनके सत्य और अहिंसा के संदेश को समाज तक पहुंचाने की जरूरत है।

अध्यक्षीय संबोधन में सर्वोदय समिति के अध्यक्ष रियाजुद्दीन खान ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार कल भी प्रासंगिक थे, आज भी हैं और भविष्य में भी रहेंगे। उन्होंने सर्वधर्म समभाव और सामाजिक समन्वय के लिए गांधीजी के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को गांधी के जीवन का आधार बताया। अपने संदेश में उन्होंने कहा—
“शक्ति थोड़ी लाजिम है, पर पत्थर होना ठीक नहीं।
हिंदू-मुस्लिम ठीक है साहब, पर कट्टर होना ठीक नहीं।”

सर्वोदय समिति के महासचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि टाटा मोटर्स प्रबंधन और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कार्यसंस्कृति में गांधीजी के विचारों की झलक मिलती है। उन्होंने कहा कि कंपनी में प्रबंधन और मजदूरों को एक परिवार के रूप में संबोधित किया जाता है। ग्राम विकास और सामुदायिक सेवाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद और कमजोर वर्गों के लिए किए जा रहे कार्यों को उन्होंने गांधीवादी सोच से जोड़ा।
कार्यक्रम में मजदूर आंदोलन एवं सहकारिता आंदोलन में योगदान के लिए अरविंद विद्रोही को सम्मानित किया गया।

वहीं बोकारो में आयोजित 34वें चैप्टर-2026 गुणवत्ता कॉन्सेप्ट प्रतियोगिता में विजेता रही टाटा मोटर्स की ‘पारस’ टीम के सदस्यों ए. सेलवराज, कुमार गौरव, जसपाल सिंह, आरएच मोहंती, नदीम अख्तर अंसारी और जितेंद्र वर्मा को भी सर्वोदय समिति की ओर से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रियाजुद्दीन खान ने की, जबकि संचालन महासचिव मनोज कुमार सिंह ने किया। टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद और नंदलाल सिंह ने भी शुभकामनाएं दीं। धन्यवाद ज्ञापन आमिर सोहेल ने किया।
इस अवसर पर सर्वोदय समिति के संयोजक प्रभुनाथ सिंह, उदय कुमार सिंह, अमरनाथ चौबे, रईस रिजवी छब्बन, उपाध्यक्ष नंदलाल सिंह, उमाशंकर शुक्ल, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष आरआर दुबे, कमेटी मेंबर संतथे जायसवाल, टाटा मोटर्स के सहायक महाप्रबंधक कुमार गौरव, सेलवराज, सर्वोदय समिति के प्रहलाद सिंह, अजीत सिंह, बृजकिशोर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Comment