
Jamshedpur : शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचीं। उन्होंने एसएसपी आवास पर जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर हाल की आपराधिक घटनाओं और उनके अनुसंधान की स्थिति की जानकारी ली।
बैठक में डीजीपी ने अलग-अलग मामलों में अब तक हुई पुलिस कार्रवाई, अनुसंधान की प्रगति और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों में तेजी लाने और घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। गौरतलब है कि केनरा बैंक में डकैती गोलमुरी थाना पुलिस की लापरवाही की वजह से हुई है। बदमाश बैंक में एक घंटे तक डाका डालते रहे। मगर, गोलमुरी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। इससे पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर पुलिस कहां थी।
कैनरा बैंक डकैती पर डीजीपी का खास फोकस
समीक्षा बैठक में गोलमुरी थाना क्षेत्र के कैनरा बैंक डकैती कांड पर विशेष चर्चा हुई। इस मामले में हथियारबंद बदमाश बैंक से करीब 34 लाख रुपये नकद और 23 किलो सोना लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने वारदात में शामिल संदिग्ध बदमाशों की तस्वीरें जारी करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर इनाम की घोषणा भी की है।
हालांकि, घटना के बाद अब तक पुलिस को बदमाशों का ठोस सुराग नहीं मिल सका है। बताया जा रहा है कि डीजीपी ने इस मामले की जांच की प्रगति की जानकारी ली और जल्द से जल्द बदमाशों तक पहुंचने के निर्देश दिए।
बिंदल मॉल फायरिंग की भी हुई समीक्षा
सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग का मामला भी समीक्षा के दौरान प्रमुखता से उठा। फायरिंग की घटना में चार लोग घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में साजिश से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि शूटरों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। डीजीपी ने अधिकारियों को आपराधिक घटनाओं के अनुसंधान में तेजी लाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था और हाल की घटनाओं को लेकर पुलिस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
Read also The Photon News Special : गैंगवॉर के खूनी खेल की दहशत, फैमिली रेस्टोरेंट भी महफूज नहीं

